देहरादून। पौड़ी जिले की ताल घाटी में बादल फटने से भारी नुकसान हो गया है। एक महिला की मौत हो गई जबकि दुकानें, वाहन, गोशाला बह गई।
तालघाटी, हेवल घाटी और यमकेश्वर की सतरुद्रा नदी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यमकेश्वर क्षेत्र में कुछ जगह वाहनों के बहने और भू-कटाव से भारी नुकसान हुआ है। हेवल घाटी में नदी में आए ऊफान से कुछ कार और घरों को नुकसान पंहुचा है। वहीं ताल घाटी के दिवोगी ग्राम सभा के कंडरह गांव में धनवीर सिंह रावत की दुकान और गोशाला बह गयी है। जबकि गांव भी खतरे की जद में आ गया है।
ताल घाटी का सब जगह से सम्पर्क कट गया है। यहां नदी तटीय क्षेत्र में स्थानीय लोग सारी रात डरकर जागते रहे। यमकेश्वर मंदिर के प्रांगण में भी नुकसान की सूचना है। वहीं पनयारी गदेरे में अतिवृष्टि से काफी नुकसान होने की सूचना मिल रही है। यहां कई वाहन नदी के तेज बहाव में बहने की सूचना है। नीलकंठ के आसपास के गांव मराल, तलाई व खैरखाल आदि में भी नुकसान होने की खबर है।
यमकेश्वर के बैरागढ़ में अतिवृष्टि के चलते बैरागढ़ गधेरे में भारी ऊफान आ गया। जिससे यहां आधा दर्जन चौपाया व दुपहिया वाहन नदी में बह गए। कुछ वाहन अभी भी मलबे में दबे हुए हैं। स्थानीय निवासी व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुदेश भट्ट ने बताया कि बैरागढ़ कई कैंप भी हैं, जिनमें पर्यटक ठहरे हुए थे। सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य चल रहे हैं।