देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने निकाय चुनाव के लिए टिकटों का वितरण कर भले ही राहत की सांस ली हो, मगर पिथौरागढ़ नगर निगम मेयर के लिए आज दोपहर में अंजू लुंठी का नाम घोषित होने के बाद पिथौरागढ़ कांग्रेस में विद्रोह की स्थिति पैदा हो गई है। पत्नी रुक्मणी जोशी के लिए मेयर का टिकट मांग रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष प्रशासन मथुरा दत्त जोशी ने खुला विद्रोह कर दिया है। उन्होंने कहा है कि वह पार्टी से त्यागपत्र पर भी विचार कर रहे हैं।

वहीं पिथौरागढ़ में कांग्रेस विधायक मयूख महर की मौजूदगी में युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेन्द्र महर की पत्नी मोनिका महर ने नामांकन दाखिल कर कांग्रेसी खेमी में हलचल बढ़ा दी है। कांग्रेस ने अंजू लूंठी को दावेदार घोषित किया है।

इधर उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन और प्रशासन मथुरा दत्त जोशी ने खुला आरोप लगाया है कि कांग्रेस के नेताओं ने उनके दावे को हमेशा दर किनार किया। उन्हें कभी भी विधायक का टिकट नहीं दिया। वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस के बाद उत्तराखंड कांग्रेस में कई महत्वपूर्ण पदों पर काबिज रहे हैं। पूरा समय पार्टी की मजबूती के लिए लगाते हैं। उन्होंने पिथौरागढ़ मेयर सीट पर पत्नी रुक्मणी जोशी के लिए टिकट मांगा, उन्हें गुमराह किया गया। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही पदों पर बने रहेंगे या नहीं इस पर विचार करेंगे।