नई दिल्ली। 18 मार्च 2016 को 9 कांग्रेसी विधायकों के साथ विधान सभा में हरीश रावत सरकार को गिराने वाले हरक सिंह रावत की फिर से कांग्रेस में वापसी की राह साफ हो गई है। हरक सिंह रावत शुक्रवार की शाम को दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के सामने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।पांच वर्ष पूर्व कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में शामिल होने वाले कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को 16 जनवरी को भाजपा ने बाहर का रास्ता दिखा दिया था। उसी दिन से हरक कांग्रेस में शामिल होने के लिए लगातार ऐड़ी चोटी का जोर लगाए थे और दिल्ली में सोनिया और राहुल की हरी झंडी का इंतजार कर रहे थे। पूर्व सीएम हरीश रावत पहले हरक सिंह की पार्टी में वापसी का विरोध कर रहे थे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव भी हरक की वापसी के लिए जोर लगा रहे थे। हरक सिंह के साथ उनकी बहू अनुकृति गुसाई भी कांग्रेस में शामिल हो गई हैं।