पिथौरागढ़/बागेश्वर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को पिथौरागढ़ के  झौलखेत मैदान में सभा को संबोधित किया। उन्होंने चारों विधानसभा सीट पर भाजपा को विजयी बनाकर उत्तराखंड को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा भाजपा ने हर वर्ग के व्यक्ति के ल‌िए काम किया है। उन्होंने राष्ट्रीय पोषण मिशन, वन रैंक वन पेंशन, जनधन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, किसान सम्मान निधि, आयुषमान योजना समेत कई केंद्रीय योजनाओं को गिनाया। नड्डा ने कहा कि पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए 293करोड़ रुपये की स्वीकृति हो चुके है। कहा कि एक साल में 60 लाख नौकरियां मिलेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक साल में 80 लाख घर बनेंगे। जिसकी मालिक महिला होगी। 250 आबादी वाले गांवों में पीएमजीएसवाई योजना के तहत राज्य में सड़कें बनेंगी। राज्य में 756 बस्तियों में पीएमजीएसवाई के तहत सड़कें बनेंगी। इन सबके निर्माण से लोगों को रोजगार मिलेगा।उन्होंने कहा कि कई गांवों में महिलाएं खेतों में शौच करने जाती थी। मोदी ने शौचालय बनाकर उन्हें इज्जत घर का नाम दिया। राज्य में 5.22 लाख शौचालय बने। पिथौरागढ़ में 8800 शौचालय बने हैं। उज्जवला योजना से हर घर में रसोई गैस सिलिंडर पहुंचाया। महिलाओं को भाजपा ने ताकत दी है। 2.62 करोड़ घरों और 18000 गांव में बिजली पहुंचाई गई। पिथौरागढ़ में 10780 घरों में बिजली पहुंचाने का काम हुआ है। मोदी ने दुनिया की सबसे बड़े हेल्थ कवरेज पर हर साल गंभीर बीमारियों के उपचार के ल‌िए पांच लाख रुपये प्रत्येक व्यक्ति को देने काम किया है। राज्य में सीएम ने इस योजना को पांच लाख के हेल्थ कवर से जोड़ दिया। कोरोना के दौरान 500 रुपये 20करोड़ महिलाओं के खाते में पहुंचा।

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने बागेश्वर में चुनावी सभा को संबो‌धित किया। उन्होंने बागेश्वर सीट से भाजपा प्रत्याशी चंदन राम दास और कपकोट सीट से प्रत्याशी सुरेश गढ़िया को विजयी बनाने का आह्वान किया। नड्डा ने कहा कि उत्तराखंड ऐसी भूमि है जहां के लोग देश की रक्षा के लिए सबसे आगे रहते हैं। नड्डा ने कहा कि हमारी पार्टी किसी को बांटने का काम नहीं करती है। हम सबको एक सूत्र में पिरोने का काम करते हैं। उन्होंने बागनाथ मंदिर में पूजा अर्चना भी की।