गंगोलीहाट(पिथौरागढ़)। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गंगोलीहाट में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी फकीर राम टम्टा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल तक देश को लूटने का काम किया है।

मंगलवार को जीआईसी में हुई सभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा जो कहती है उसे करके दिखाती है। भाजपा ने जनसंघ के समय 1951 में कहा था कि जिस दिन वह संसद में पूर्ण बहुमत में रहेंगे उस दिन जम्मू कश्मीर से 370 हटा दी जाएगी और आज चुटकी बजाकर कश्मीर से 370 हटाई। भाजपा ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने का संकल्प लिया था और आज वहां भव्य राम मंदिर  का निर्माण हो रहा है। राजनाथ सिंह ने वन रैंक वन पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, उज्जवला गैस योजना की खूबियां गिना कर सभी वर्गों को रिझाने की कोशिश की।भाजपा प्रत्याशी फकीर राम टम्टा ने कहा कि वह नेता नहीं चौकीदार बनकर काम करना चाहते हैं।

उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि आज भारत की ओर जो भी आंख उठाकर देखेगा, उसे इस पार भी उस पार भी करारा जवाब दिया जाएगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र स‌िंह वल्दिया, जिला महामंत्री बसंत जोशी, गणेश ठाकुराठी, जय श्री पाठक, अर्चना गंगोला, मीना गंगोला, खुशाल भंडारी, दर्पण कुमार, विनीता बाफिला, भगवान बल्लभ पंत, सुरेश जोशी आदि उपस्थित थे। इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री राजनाथ का गंगोलीहाट पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया।