गंगोलीहाट। ठीक चुनाव से छह दिन पहले गंगोलीहाट सीट में कांग्रेस को बड़ा झटका मिला है। पूर्व विधायक नारायण राम आर्य कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं।टिकट नहीं मिलने से पूर्व विधायक नारायण राम नाराज चल रहे थे। उन्हें मनाने के लिए कांग्रेस ने पूरी कोशिश की थी लेकिन मंगलवार को पूर्व विधायक नारायण राम आर्य ने पार्टी से अपना पुराना रिश्ता तोड़ दिया। चुनावी सभा के दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ स‌िंह ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। पूर्व विधायक के साथ ही उनके समर्थक और सुमित्रा देवी, हरीश ने भी भाजपा की सदस्यता ली। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र वल्दिया, बसंत जोशी, महेश पाठक आदि कार्यकर्ता थे। भाजपा में शामिल होने के बाद नारायण राम ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों की सेवा के बावजूद उन्हें बूढ़े बैल की तरह छोड़ दिया गया। ऐन चुनाव से पहले नारायण राम के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।