बागेश्वर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को बागेश्वर के कपकोट में चुनावी सभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए।
कपकोट के केदारेश्वर मैदान में सभा को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि  पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक कर विश्व को दिखाया कि भारत अब झुकने वाला नहीं है। कहा कि गलवान घाटी में भारतीय सेना ने चीन की सेना को पीछे हटने पर मजबूर किया। चीन के लगभग 50 सैनिक मारे गए।उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करती है। भारतीय जनसंघ ने कश्मीर से धारा 377 हटाने का वादा किया था। भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी तो यह करके दिखाया। राम मंदिर निर्माण का मुद्दा वर्ष 1984 से चल रहा था। भाजपा ने देश की जनता से अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का वायदा किया था और आज भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार का बोलबाला था और भ्रष्टाचार के आरोप में मंत्री तक जेल जाते थे। भाजपा की सरकार पर एक भी घोटाले का आरोप नहीं है। उन्होंने लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान कर पार्टी प्रत्याशी सुरेश गढिया को जिताने की अपील की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्य‌कर्ता और जनता मौजूद रही।