पिथौरागढ़। सिंगाली के शीर्ष पर स्थित प्रसिद्ध धनलेख मंदिर से अज्ञात चोरों ने देवताओं के चांदी के छत्र चोरी कर लिए। चोर स्टोर रूम में रखे तांबें के बर्तन भी चोरी कर ले गए।

शुक्रवार को क्षेत्र की कुछ महिलाएं मंदिर परिसर से होते हुए जंगल की ओर जा रही थी। उनकी नजर मंदिर के गेट पर टूटे ताले पर पड़ी। महिलाओं की सूचना पर मंदिर के पुजारी शंकर दत्त भट्ट जब मंदिर पहुंचे तो मंदिर से चांदी के छत्र गायब मिले। चोरों ने स्टोर रूम से तांबे के परात और फौलें भी चोरी कर लिए थे। धनलेख में कालसिन, छुरमल और अलाइमल देवताओं के मंदिर हैं। धनलेख मंदिर पूरे क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था का केंद्र है। हर साल मंदिर में विशाल मेला भी लगता है। मंदिर में चोरी की घटना से क्षेत्र की जनता में रोष व्याप्त है। विजय ओझा, ठाकुर दत्त ओझा सहित तमाम क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मंदिरों में चोरी कर रहे अज्ञात चोरों का पता लगाकर दंडित करने की मांग की है।