पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ के कुमौड़ वार्ड में राज्य सेक्टर कार्यक्रम के अंतर्गत प्रस्तावित सीवर लाइन विस्तारीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई एवं मेयर नगर निगम कल्पना देवलाल ने भूमि पूजन कर परियोजना की शुरुआत की। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए इस योजना को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।अधिकारीयों ने बताया कि कुमौड़ वार्ड में सीवर लाइन विस्तारीकरण कार्य हेतु लगभग ₹197.93 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। योजना के तहत करीब 1313 मीटर लंबी सीवरेज लाइन, मैनहोल निर्माण तथा अन्य संबंधित कार्य कराए जाएंगे। परियोजना पूरी होने के बाद लगभग 90 परिवारों और 451 से अधिक लोगों को सीवरेज कनेक्शन की सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्राप्त होंगी।मेयर कल्पना देवलाल ने कहा कि निराड़ा-कुमौड़ क्षेत्र में लंबे समय से सीवर लाइन की समस्या बनी हुई थी, जिसके चलते सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही थीं और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय जनता की मांग को प्राथमिकता देते हुए शासन को प्रस्ताव भेजा गया, जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए बजट स्वीकृत किया गया।निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद नई सीवर लाइन को ट्रंक सीवर लाइन से जोड़ा जाएगा तथा सीवर निस्तारण 1.25 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी के माध्यम से किया जाएगा। परियोजना को पूर्ण करने के लिए 12 माह की समयावधि निर्धारित की गई है।