पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के एक गांव में महिला ने अपने पति का प्राइवेट पार्ट काट दिया। अधिक खून बहने से पति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला ने प्रताड़ना से तंग आकर इस घटना को अंजाम दिया। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना 13 फरवरी की बताई जा रही है।
राजस्व पुलिस के अनुसार घटना की रात दिंगास गांव निवासी जितेंद्र राम देर रात घर लौटा था। उसका पत्नी सुनीता से झगड़ा हुआ इसी बीच सुनीता ने ब्लेड से जितेंद्र राम का गुप्तांग काट दिया। इससे जितेंद्र की मौत हो गई। इस घटना को देख रही मृतक की बेटी ने अपने चाचा को इस बारे में बताया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी सुनीता को गिरफ्तार कर लिया।
पति का प्राइवेट पार्ट काटकर मौत के घाट उतारने वाली सुनीता का आरोप है कि उसका पति जितेंद्र राम उसे हर रोज प्रताड़ित करता था। इस कारण वह काफी परेशान रहती थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय वह शराब पीकर आया था।
पिथौरागढ़ के तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।