मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक सिरफिरे प्रेमी ने शादी के मंडप में प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से सनसनी फैल गई। हत्यारा फरार है जिसे पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। कहा जा रहा है कि हत्यारा युवती से ‌एकतरफा प्रेम करता था।मिली जानकारी के अनुसार मथुरा के नौहझील के मुबारिकपुर गांव में खूबीराम प्रजा‌पति की बेटी काजल का बृहस्पतिवार को विवाह था। नोएडा से बारात आई थी। रात एक बजे वरमाला होने के बाद दुल्हन सहेलियों के साथ कमरे में चली गई। इसी बीच उसका एक पुराना प्रेमी अनीश अपने कुछ दोस्तों के साथ वहां आया। बताया जा रहा है कि पहले उसने बारातियों को धमकाया इसके बाद पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी दुल्हन के कमरे में गया और उसको गोली मारकर फरार हो गया। खून से लथपथ दुल्हन को अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर उसने दम तोड़ दिया। दुल्हन के पिता खुशीराम के अनुसार अनीश एकतरफा प्यार करता था और उसे तंग करता रहता था। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी अनीश के अलावा कपिल, संजू, पंकू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चारों आरोपियों को ढूंढ रही है। इस घटना के बाद जहां पूरे क्षेत्र में सनसनी है वहीं खुशीराम के घर में मातम पसरा है। खुशीराम नोएडा में रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करता है। मृतका पांच भाई बहनों में सबसे बड़ी थी।